शिक्षा निदेशालय बीकानेर ने स्कूलों के संचालन के लिए शिविरा पंचांग 2024-25 जारी कर दिया है, जिसमें शैक्षिक सत्र 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2025 तक निर्धारित किया गया है। इस सत्र में कुल 233 शिक्षण दिवस होंगे। छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि हर महीने का दूसरा और चौथा शनिवार बस्ता मुक्त रहेगा। इसके अलावा, पूरे वर्ष में 54 दिन का अवकाश होगा और 38 विभिन्न उत्सव मनाए जाएंगे।

बीकानेर शिक्षा विभाग ने 28 जुलाई को शिविरा पंचांग जारी कर दिया है, जिसकी अभ्यर्थियों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी। शिविरा पंचांग जारी होने के बाद, स्कूलों का संचालन इसी के अनुसार किया जाएगा। इस बार ग्रीष्म अवकाश के अतिरिक्त कुल 54 अवकाश और 38 उत्सव मनाए जाएंगे। राजस्थान शिविरा पंचांग के अनुसार, विद्यालय कार्यक्रम, अवकाश, परीक्षा, खेलकूद प्रतियोगिता आदि का आयोजन अनिवार्य होगा, और कुल कार्य दिवस 233 होंगे।
एक पारी विद्यालय में समय सारणी
ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवधि में विद्यालय संचालन के लिए आठ कालांश निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रार्थना सभा और मध्यांतर के लिए प्रत्येक 25 मिनट का समय निर्धारित है। मध्यांतर चौथे कालांश के बाद होगा।
ग्रीष्मकाल: 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2024 तक विद्यालय का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। प्रत्येक कालांश 35 मिनट का होगा और विद्यालय का कुल समय 5:30 घंटे रहेगा।
शीतकाल: 1 अक्टूबर से 31 मार्च 2025 तक विद्यालय का समय सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक रहेगा। इसमें विद्यालय कुल 6 घंटे लगेगा, जिसमें पहले 6 कालांश 40 मिनट के और अंतिम दो कालांश 35 मिनट के होंगे।
दो पारी में संचालित विद्यालयों का समय
दो पारी में संचालित होने वाले विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन समय (1 अप्रैल से 30 सितंबर तक) सुबह 7:00 से शाम 6:00 बजे तक रहेगा। इसमें प्रत्येक पारी 5.5 घंटे की होगी और प्रत्येक कालांश की अवधि 35 मिनट की होगी।
शीतकालीन समय (1 अक्टूबर से 31 मार्च तक) के दौरान, विद्यालय का समय सुबह 7:30 से शाम 5:30 बजे तक रहेगा। इस अवधि में प्रत्येक पारी 5 घंटे की होगी, जिसमें पहले पांच कालांश 35 मिनट के और अंतिम तीन कालांश 30 मिनट के होंगे।
दो पारी वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय में, प्रथम पारी में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थी आएंगे, जबकि दूसरी पारी में कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थी उपस्थित होंगे।
दो पारी वाले माध्यमिक विद्यालय में, प्रथम पारी में कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थी होंगे और दूसरी पारी में कक्षा 1 से पांचवी तक के विद्यार्थी उपस्थित होंगे।
स्कूलों में अवकाश
स्कूलों में मध्य अवधि का अवकाश 27 अक्टूबर से 7 नवंबर 2024 तक रहेगा। इसके बाद शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर 2024 से 5 जनवरी 2025 तक होगा। ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून 2025 तक रहेगा। इस बार ग्रीष्म अवकाश के अतिरिक्त 54 अवकाश होंगे और 38 उत्सव मनाए जाएंगे। इनकी विस्तृत जानकारी शिवरा पंचांग में देखी जा सकती है।
स्कूलों में परीक्षाएं
स्कूलों में प्रथम परख 21 अगस्त से 23 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद, द्वितीय परख 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक होगी। अर्धवार्षिक परीक्षाएं 12 दिसंबर से 24 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। तृतीय परख 3, 5 और 6 फरवरी को होगी। मार्च में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, और स्कूल की वार्षिक परीक्षाएं 24 अप्रैल से 8 मई तक होंगी।
Rajasthan Shivira Panchang Change
राजस्थान शिविरा पंचांग यहां से डाउनलोड करें